संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका





गोंडा। जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के भैंचा ग्राम पंचायत के विरितहा गांव में 19 वर्षीय सरजू प्रसाद सोनकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने जहां इसे हत्या करार दिया है, वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में हादसे की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की रात सरजू को उसके दो साथी दवा लेने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में साथियों ने बताया कि सरजू की बाइक सांड से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में परिजन उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरजू को साथ ले जाने वाले युवकों ने ही उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई। परिजनों के मुताबिक, सरजू के शरीर पर कई चोटों के निशान थे, यहां तक कि गुप्तांग पर भी गंभीर चोट पाई गई।
सरजू अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी तीन बहनों की शादी अभी बाकी है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस मामले में मोतीगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।  


प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी  पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post