मुंबई: शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही एंटी एक्सटॉर्शन सेल, क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोपनीय मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने पायधुनी इलाके में छापा मारकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बिना लाइसेंस के अवैध रूप से आग्नेयास्त्र और जिंदा कारतूस बेचने के इरादे से पायधुनी क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने नारायण ध्रुव स्ट्रीट स्थित होटल एलिगेंट के कमरा नंबर 305 में छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके पर 5 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 3 पिस्तौल, 3 मैगज़ीन और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जब आरोपियों से बरामद हथियारों के लाइसेंस के बारे में पूछताछ की गई, तो वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे इन हथियारों को बेचने के उद्देश्य से मुंबई आए थे।
इस मामले में पायधुनी पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत तथा मुंबई पुलिस एक्ट की धारा 37(1)(ए) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाद में इस केस को क्राइम ब्रांच में जी.पी.एस.ए. क्रमांक 68/2026 के तहत ट्रांसफर कर दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 5 युवक शामिल हैं, जिनकी उम्र 19 से 26 वर्ष के बीच है। इनमें से अधिकांश आरोपी राजस्थान के राठी क्षेत्र से हैं, जबकि एक आरोपी हरियाणा का निवासी है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इनके पीछे कौन-सा बड़ा गिरोह सक्रिय है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment