गोंडा में भीषण आग पांच फूस के मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान





गोंडा, जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ा ग्राम पंचायत में मंगलवार देर शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पांच फूस के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
इस हादसे में लाखों रुपये का घरेलू सामान, अनाज और जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। साथ ही करीब 20 हजार रुपये से अधिक की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। आग की चपेट में आने से कई मवेशियों की भी मौत हो गई, जिससे पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत शिवनारायण के छप्पर वाले घर से हुई, जो तेज हवाओं के चलते तेजी से फैलते हुए प्रेम नारायण, राम प्रसाद, बलराम और दुर्गा प्रसाद के घरों तक पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
हैरानी की बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब एक घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंच सकीं, जिससे आग और फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गौरा भाजपा विधायक प्रभात कुमार वर्मा के पुत्र प्रशांत पटेल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी विजय यादव ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वे ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
छपिया थाना अध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं एसडीएम मनकापुर अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और नियमानुसार पीड़ितों को सहायता प्रदान की जाएगी।
यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारी पर भी सवाल खड़े करती है।             

 प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी       
 पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post