संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ निजामाबाद तहसील क्षेत्र के मनपारपुर, सुराई और बड़ागांव गांव की शिवान में रविवार दोपहर लगभग एक बजे अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवा के कारण खेतों में तेजी से फैलने लगी।
खेतों से उठती लपटें और धुआं देखकर आसपास के किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर बाल्टी, पानी और हरी डालियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मिलकर आग पर काबू पाने में जुट गए।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग को फैलने से रोक लिया, लेकिन तब तक कई किसानों की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो और अधिक खेत इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
Post a Comment