गर्रा पुल को जाने वाला रास्ता बना हादसों का हॉटस्पॉट, सड़क पर रखे लोहे के टीन शेड बने खतरा





शाहजहांपुर। शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल गर्रा पुल के पास इन दिनों बड़ा खतरा मंडरा रहा है। गर्रा नदी पर बने पुराने पुल के तोड़ने का कार्य जारी है, लेकिन निर्माण कार्य में लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। पुल के पास बड़े-बड़े लोहे के टीन शेड (टीन सेट) सड़क किनारे इस तरह रख दिए गए हैं कि वे सीधे तौर पर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। मौके पर न तो पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था है और न ही इन लोहे के टीन शेड पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में अंधेरे में वाहन चालकों को ये अवरोध दिखाई नहीं देते, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और सुबह से लेकर देर शाम तक यहां भारी यातायात बना रहता है। खासकर मेडिकल कॉलेज जाने वाली एंबुलेंसें तेज रफ्तार से इसी रास्ते से गुजरती हैं। ऐसे में ज़रा सी चूक किसी गंभीर दुर्घटना में बदल सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन को इन टीन शेड को हटाना ही था, तो गर्रा नदी के पास पर्याप्त खाली और सुरक्षित जगह उपलब्ध है, जहां इन्हें रखा जा सकता था। लेकिन खर्च बचाने के चक्कर में इन्हें सड़क किनारे ही डाल दिया गया, जिससे आम जनता की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया है।

अब सवाल यह उठता है कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए इन खतरनाक अवरोधों को हटाने और उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। 

अजय सिंह की  रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post