ट्रक की टक्कर से दो की मौत, नगरिया मोड़ पर मचा कोहराम




शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के नगरिया मोड़ पर रविवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव डींगुरपुर निवासी जसपाल सिंह (40) और रावतपुर निवासी पदम सिंह (55) बाइक से तिलहर क्षेत्र के खेड़ा बझेड़ा गांव जा रहे थे। रास्ते में नगरिया मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जसपाल सिंह गांव की प्रधान सावित्री के पुत्र थे और निजी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे, जबकि पदम सिंह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। दोनों रिश्तेदार भी थे और परिवार में बीमार महिला का हालचाल लेने जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। साथ ही कंटेनर और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही ददरौल विधायक अरविंद सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जसपाल सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जबकि पदम सिंह के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post