स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर कड़ा रुख, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई के आदेश




शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नेशनल हाईवे पर ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा, विशेषकर स्कूली बच्चों के परिवहन में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया जाएगा।जिलाधिकारी आवास पर आयोजित जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले दो दिनों के भीतर जनपद के कम से कम 100 विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक अनिवार्य रूप से कराई जाए और उसका कार्यवृत्त पोर्टल पर अपलोड किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरूरानी, एडीएम (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्रा, एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम एवं बीएसए दिव्या गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराते हुए उनके वाहनों का पूरा डाटा फीड कराया जाए। ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए।


अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर


Post a Comment

Previous Post Next Post