गोंडा, जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के पिपरा भिटौरा ग्राम पंचायत के स्वायपुर गांव में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी सोनू के छप्पर वाले घर में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा घर इसकी चपेट में आ गया।
आग के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर करीब 300 मीटर दूर जाकर गिरा। घटना के बाद आसपास के लोग घबराकर मौके पर पहुंच गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी दौरान 60 वर्षीय श्यामलाल अपने भतीजे सोनू का घर बचाने के लिए आग में कूद पड़े। आग बुझाने की कोशिश में वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस आगजनी में घर में रखा करीब 60 हजार रुपये नकद, जेवर, कपड़े और अनाज सहित पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। लेखपाल नागेंद्र प्रताप के अनुसार, लगभग ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।
मोतीगंज थाना अध्यक्ष और प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने बताया कि झुलसे व्यक्ति की मौत की सूचना मिल चुकी है। प्रारंभिक सूचना पुलिस को देर से दी गई थी, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment