रास्ते के विवाद ने ली जान, हंसिए से हमला कर युवक की हत्या




गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बम्हेरा गांव में रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की हंसिए से हमला कर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 40 वर्षीय अन्रू दुबे और गांव के ही राम श्रृंगार शुक्ला के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दोनों के बीच इसी बात को लेकर फिर से कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद अन्रू दुबे अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गया और दोनों के बीच दोबारा झगड़ा शुरू हो गया।
आरोप है कि झगड़े के दौरान राम श्रृंगार शुक्ला ने हंसिए से अन्रू दुबे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण अन्रू दुबे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रहारी मुंबई न्यूज यूपी
पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post