गोंडा जनपद के नवाबगंज क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में महिला शिक्षक के साथ छेड़खानी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक अध्यापक रशीद अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को खंड शिक्षा अधिकारी हेमलता त्रिपाठी एवं प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा इस मामले की शिकायत बीएसए अमित कुमार सिंह से की गई थी। शिकायत के आधार पर बीएसए ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे।
जांच रिपोर्ट में आरोपी शिक्षक को दोषी पाए जाने के बाद शनिवार को उसे निलंबित करते हुए ब्लॉक संसाधन केंद्र से संबद्ध कर दिया गया। आरोपी पर विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के वीडियो बनाने के भी आरोप लगाए गए हैं, जिससे विद्यालय का माहौल भी प्रभावित हुआ है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह महिला शिक्षक अपने पति के साथ बाइक से विद्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी शिक्षक उनका वीडियो बनाने लगा। जब शिक्षिका ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट और छेड़खानी की। मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोपी शिक्षक जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित शिक्षिका अपने पति के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस और प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रहारी मुम्बई न्यूज़
पत्रकार: अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment