गोंडा। जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद लगी भीषण आग में चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना कुकनगर ग्रांट भरपुरवा स्थित रतन ईंट भट्ठे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ ध्रुव ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट गिराने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही डीजल गिरने से चिंगारी उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
हादसे में राकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए और आग की लपटों में घिरकर मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही खोड़ारे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए उसे बस्ती ले जाया गया।
मृतक राकेश कुमार बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलहरिया गांव के निवासी थे और पिछले 10-12 वर्षों से भट्ठा मालिक रामरतन के यहां काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी गुड़िया, मां मालती और तीन बच्चे—16 वर्षीय अंकुर, 14 वर्षीय शिवांश और 12 वर्षीय शिल्पा हैं।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने के बाद आग लगने से यह हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है, फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी।
पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment