शाहजहाँपुर। जनपद के सदर बाजार थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
लखीमपुर खीरी जनपद के मैगलगंज निवासी मुख्तार अहमद ने बताया कि उनकी बहन हुमायरा की शादी वर्ष 2015 में शाहजहाँपुर के सदर बाजार क्षेत्र निवासी साजिद उर्फ मुन्ना के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करता रहा।
आरोप है कि पति साजिद, सास मिसकीना सहित अन्य परिजन हुमायरा को आए दिन मारपीट कर घर से निकाल देते थे। रविवार दोपहर करीब 3:10 बजे पड़ोसी के फोन से जानकारी मिली कि हुमायरा के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो हुमायरा मृत अवस्था में मिली, जबकि ससुराल पक्ष का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था।
मायके पक्ष का आरोप है कि हुमायरा की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से सभी के मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने भी ससुराल पक्ष के घर से भागने की पुष्टि की है।
मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—जुनैरा (9 वर्ष), अमान (7 वर्ष) और जियान (5 वर्ष) को छोड़ गई है, जिनका भविष्य अब अनिश्चित हो गया है।
पीड़ित भाई ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई
है।
अजय सिंह की ख़ास रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment