लालच बना कातिल: बेटे की प्रताड़ना से आहत पिता ने जहर खाकर दी जान, आरोपी गिरफ्तार




शाहजहाँपुर (तिलहर)। संपत्ति के लालच में रिश्तों के टूटने की एक दर्दनाक घटना तिलहर क्षेत्र से सामने आई है। बेटे और बहू की लगातार मानसिक प्रताड़ना से आहत एक बुजुर्ग पिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल को मृतक सतीशचन्द्र की पत्नी ने तिलहर थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा शोभित कुमार और बहू उन्हें लंबे समय से संपत्ति के लिए दबाव बना रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। घर में रोजाना होने वाले विवादों से परेशान होकर सतीशचन्द्र ने जहर खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलहर पुलिस ने मुखबिर और सर्विलांस की मदद से 24 अप्रैल को आरोपी शोभित कुमार को लकड़ी की टाल के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, चोरी, अवैध शराब और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े कई मामले पहले भी दर्ज हैं। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दरार और लालच के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post