शाहजहांपुर। मनचले की लगातार धमकियों और शादी का दबाव बनाने से परेशान एक युवती ने बिजली के खुले तार पकड़कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना क्षेत्र के मुड़िया हारिस गांव का है। परिजनों के मुताबिक गांव निवासी शान मोहम्मद ने युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया था। इसके बाद वह बार-बार फोन कर शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी उसे गांव में बदनाम करने की धमकी देता था। बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से युवती काफी परेशान रहने लगी थी। उसने घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था। सोमवार को वह सुबह से ही गुमसुम थी। दोपहर में अचानक घर के पास लगे बिजली मीटर के पास पहुंची और खुले तार पकड़ लिए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि युवती ने अस्पताल में परिजनों को आरोपी की धमकियों की जानकारी दी थी। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी शान मोहम्मद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर उसे जेल भेज दिया गया। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस एहतियातन निगरानी कर रही है।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment