मुंबई: अंधेरी इलाके में ड्रेनेज लाइन से मिली एक अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से हत्या जैसे गंभीर अपराध का पर्दाफाश हुआ है।
24 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे बीएमसी कर्मचारी ने अंधेरी पुलिस को सूचना दी कि मरोल पाइपलाइन, ओमनगर इलाके में ड्रेनेज साफ करते समय एक मैनहोल के अंदर लाश मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लाश करीब 5 से 6 फीट गहरी ड्रेनेज लाइन में सड़ी-गली हालत में पाई गई।
पहले इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने नौ टीमों का गठन कर महिला की पहचान के लिए प्रयास तेज किए। बॉडी पर मिली ज्वेलरी और अन्य सुरागों के आधार पर मृतका की पहचान ब्लास जेम्स सेक्वेरा (80) के रूप में हुई, जो अंधेरी ईस्ट की निवासी थीं।जांच में सामने आया कि मृतका के भाई जोसेफ थॉमस कोएल्हो और उसकी पत्नी मारिया के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते थे। महिला के लापता होने से एक दिन पहले, 9 जनवरी 2026 को उनके बीच हिंसक झगड़ा हुआ था। इसी कड़ी में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या का खुलासा हुआ।
फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है। संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment