शाहजहाँपुर। शहर में सड़क सुरक्षा की अनदेखी एक बार फिर भारी पड़ गई। 5 अप्रैल 2026 को मोहल्ला नवादा इंदेपुर निवासी विशाल मिश्रा (पुत्र विनोद मिश्रा) की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विशाल पैदल सब्जी लेने जा रहे थे, तभी एस.एस.एम.बी. मुमुक्षु आश्रम स्कूल के सामने एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विशाल के सिर में गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज, शाहजहाँपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के एक निजी अस्पताल में करीब 10 दिनों तक चले इलाज के बाद आखिरकार उनकी मौत हो गई।
विशाल मिश्रा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे 10 साल का बेटा और 3 साल की मासूम बेटी है। परिवार का सहारा छिन जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्रापुल अजीजगंज से लेकर बरेली मोड़ तक दर्जनों स्कूल और अस्पताल स्थित हैं, लेकिन सड़क पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते यहां ब्रेकर बना दिए गए होते, तो शायद इस तरह की घटना टल सकती थी और एक परिवार उजड़ने से बच जाता।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
बहुत दुःखद 😢😢
ReplyDeletePost a Comment