डोंगरी में ड्रग माफिया पर पुलिस का शिकंजा, स्पेशल टीम गठित; मुख्य आरोपी गिरफ्तार





मुंबई: साउथ मुंबई के डोंगरी इलाके में ड्रग माफिया के खिलाफ डोंगरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
डोंगरी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर जी.डब्ल्यू. बांगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 25 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रखा गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि "ड्रग तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस ने पांच अधिकारियों की एक विशेष टीम (स्पेशल स्क्वॉड) का गठन किया है। यह टीम इलाके के संदिग्ध ड्रग अड्डों पर लगातार नजर रख रही है और सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, इस महीने अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत ड्रग सेवन करने वाले 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच ड्रग तस्करों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया है। इन मामलों में केस दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड में ऐसे अधिकारियों को शामिल किया गया है जो सादे कपड़ों में काम कर रहे हैं, जिससे उन्हें पहचानना मुश्किल होता है और आरोपियों को पकड़ना आसान हो जाता है। इस टीम में महिला पुलिस कर्मियों की भी अहम भूमिका है।
हाल ही में मशहूर धार्मिक विद्वान सैयद खालिद अशरफ और उनके बेटों पर कुछ नशेड़ियों द्वारा हमला किए जाने की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया।
डोंगरी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संवाददाता: जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post