गोंडा। जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहरी गांव निवासी 40 वर्षीय आनंद पांडेय की देर रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना न्यू मेडी लाइफ अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर, बग्गी रोड धानेपुर की है, जहां वह अपने भांजे के विवाद को सुलझाने पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, आनंद पांडेय के भांजे सत्य प्रकाश शुक्ला उर्फ सत्यम अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत थे। वहीं दूसरे पक्ष का युवक अनुपम शुक्ला भी उसी अस्पताल में वार्ड बॉय था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान काम को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। बाद में अस्पताल के ग्रुप में मैसेज को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिजनों और रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया। इसी दौरान मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आनंद पांडेय पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। गले पर वार होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धानेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में 18 वर्षीय बेटा उत्कर्ष पांडेय और 15 वर्षीय बेटी श्रुति हैं, जबकि पत्नी गृहिणी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुख्य आरोपी अनुपम शुक्ला, अस्पताल संचालक अनिल ओझा सहित पांच नामजद और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
प्रहारी मुंबई न्यूज यूपी पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment