शाहजहाँपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ और तेजाब से हमला करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध रोकथाम व मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। घटना 18 अप्रैल 2026 की है, जब एक नाबालिग लड़की कोचिंग पढ़ने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में कुनाल उर्फ कुन्नू (22) ने उसका पीछा किया, अश्लील हरकतें कीं और तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मु0अ0सं0 147/2026 के तहत धारा 75, 78, 351(2) बीएनएस एवं 11/12 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे मुखबिर की सूचना पर अशफाक नगर तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी भागने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुनाल उर्फ कुन्नू, निवासी बाईबाग कॉलोनी (बाल्मीकि बस्ती, दीवान तालाब), थाना सदर बाजार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना निगोही में मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरगेश कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार और मोनू कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment