गोंडा जिले में रंगदारी और अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विजय किशोर सिंह उर्फ भोला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला अगस्त 2025 का है, जब आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इटियाथोक क्षेत्र के पास से 24 वर्षीय युवक विंध्येंद्र मिश्रा उर्फ सत्यम का अपहरण कर लिया था। आरोप है कि युवक को जबरन एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठाकर पेडी तालाब के पास ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर डराया-धमकाया गया।
बताया जाता है कि आरोपी ने लाइसेंसी राइफल दिखाकर पीड़ित पर दबाव बनाया और जमीन से जुड़े एक मुकदमे को वापस लेने के लिए कहा। साथ ही 12.50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग भी की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने 8 सितंबर को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी और लाइसेंसी राइफल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पीड़ित ने बताया कि न्याय पाने के लिए उसने लंबी लड़ाई लड़ी और अब आरोपी की गिरफ्तारी से उसे राहत मिली है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्रहारी मुंबई न्यूज़
पत्रकार अंकित कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Post a Comment