गोंडा में सनसनी: 114 दिन बाद मिला युवक का कंकाल, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, अंतिम संस्कार से किया इनकार





गोंडा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 114 दिनों से लापता युवक का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के डाटलूपुर गांव निवासी 35 वर्षीय राहुल उर्फ रिंकू का कंकाल खरगूपुर थाना क्षेत्र के अधिया गांव के पास एक बाग में स्थित कुएं से बरामद किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कुएं से बाहर निकलवाकर परिजनों को बुलाया गया। परिवार ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान राहुल के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद भी परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या है और जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिजनों ने गांव के प्रधान समेत तीन लोगों—गुरु बख्शा, गोविंदा और हरिशंकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि राहुल के लापता होने से एक दिन पहले उसे धमकी दी गई थी। पहले भी इन लोगों के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि राहुल 6 दिसंबर 2025 को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसी दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिल सका। अब कंकाल मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पहचान कपड़ों के आधार पर की गई है और अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़े हुए हैं, वहीं पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पहले की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

प्रहारी मुंबई न्यूज यूपी  पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post