मुंबईः पवित्र रमज़ान शरीफ़ के दौरान शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों व रोज़ेदारों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के चलते ट्रैफिक डीसीपी प्रशांत परदेशी और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।
रमज़ान के महीने में मस्जिदों, बाजारों और इफ्तार के समय सड़कों पर बढ़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना लागू की। डीसीपी प्रशांत परदेशी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त तैनाती कर यातायात को सुचारू रखा, जिससे नमाज़ के समय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए ट्रैफिक जाम को नियंत्रित किया तथा एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता सुनिश्चित किया। पुलिस की इस जनहितकारी पहल की शहरभर में सराहना की जा रही है।
इसी उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड की टीम ने एक सम्मान समारोह आयोजित किया, जिसमें डीसीपी प्रशांत परदेशी और उनकी टीम को ट्रॉफी देकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उलेमा बोर्ड के पदाधिकारियों ने कहा कि रमज़ान जैसे पवित्र महीने में पुलिस और समाज के बीच सहयोग और भाईचारे का यह उदाहरण बेहद प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की सेवा भावना, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में विश्वास और सौहार्द को मजबूत करते हैं।
रमज़ान के दौरान किए गए इस सराहनीय कार्य के लिए डीसीपी प्रशांत परदेशी की टीम को नागरिकों और सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं। संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment