गढ़िया रंगीन में मोबाइल नेटवर्क ठप, ग्रामीण परेशान




संवाददाता अजय सिंह 

शाहजहांपुर (जैतीपुर): गढ़िया रंगीन क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों को परेशान कर दिया है। एयरटेल और जियो की सेवाएं पिछले करीब एक महीने से लगभग ठप हैं, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा तक नहीं मिल पा रही है। नेटवर्क न होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित हो रही है, बैंकिंग सेवाएं ठप हैं और सरकारी कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। आपात स्थिति में संपर्क न हो पाना सबसे बड़ी चिंता बन गया है।
इसी बीच मामले ने नया मोड़ ले लिया है। टावर संचालन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि टावर पर तैनात कुछ कर्मचारी डीजल की खपत में कटौती कर रहे हैं और उसे ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। जबकि नियमानुसार टावर को 24 घंटे चालू रहना चाहिए, लेकिन कथित तौर पर इसे सीमित समय तक चलाया जा रहा है, जिससे नेटवर्क सेवा प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का दावा है कि जब से वर्तमान कर्मचारियों की तैनाती हुई है, तब से नेटवर्क की स्थिति लगातार खराब होती गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कंपनियों की ओर से कोई ठोस कदम उठाया गया और न ही प्रशासन ने इस ओर ध्यान दिया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
टावर कर्मी द्वारा तकनीकी खराबी से इनकार किया गया है, लेकिन "ऊपरी स्तर की समस्या" बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया है। इससे ग्रामीणों के मन में संदेह और गहरा गया है कि आखिर समस्या की जड़ क्या है।

Post a Comment

Previous Post Next Post