संवाददाता अमित कुमार शर्मा
गोंडा कटरा बाजार, शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और अस्पताल परिसर में मारपीट की घटना हो गई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक महिला गंभीर हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार लाई गई थी। महिला को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही थी। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों ने महिला को गोंडा ले जाने से इंकार कर दिया। इसी दौरान इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही महिला के साथ आए युवक नरेंद्र कुमार तिवारी ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। इस घटना से नाराज डॉक्टरों और कर्मचारियों ने कुछ समय के लिए अस्पताल की सेवाएं बंद कर दीं, जिससे इलाज के लिए आए मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलने पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों व कर्मचारियों को समझाकर इमरजेंसी सेवाएं दोबारा शुरू कराई। वहीं उप जिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और मारपीट करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Post a Comment