शादी समारोह में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत




संवाददाता अमित कुमार शर्मा 

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। यह हादसा बकठोरवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से 35 वर्षीय सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार कोतवाली देहात क्षेत्र के तेलियानी गांव के निवासी थे। वह बकठोरवा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी की और सड़क पार कर समारोह स्थल की ओर जा रहे थे। तभी इटियाथोक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर इटियाथोक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post