संवाददाता जावेद शेख
मुंबई : दक्षिण मुंबई के एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार होने वाले एक इंटरस्टेट गैंग का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार-पश्चिम बंगाल बॉर्डर इलाके में करीब 10 दिनों तक अंडरकवर रहकर विशेष ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के विभिन्न इलाकों में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए एम.आर.ए. मार्ग पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद राज्य से बाहर फरार हो जाते थे।
इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम को बिहार-पश्चिम बंगाल सीमा क्षेत्र में भेजा गया, जहां अधिकारियों ने करीब 10 दिनों तक अंडरकवर रहकर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। सटीक जानकारी मिलने के बा नेस ने छापेमारी कर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 25 लाख रुपये मूल्य की चोरी की प्रॉपर्टी बरामद की गई है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। जांच में अब तक घरफोड़ चोरी के सात मामलों का खुलासा हुआ है, जबकि पुलिस को आशंका है कि गैंग ने अन्य शहरों में भी वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को एम.आर.ए. मार्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे शहर में घरफोड़ चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
Post a Comment