संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा। विदेश भेजने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली पुलिस ने गोरखपुर निवासी अमजद करीम और सुनील गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 194 पासपोर्ट, 6 लाख 22 हजार रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक आईफोन और अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शमशाद खान को पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। उसी पूछताछ के आधार पर इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। शमशाद खान को कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर गोंडा लाया गया था।
नगर कोतवाल विद्याधर मणि त्रिपाठी के अनुसार इस मामले में नगर कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 200 से अधिक लोगों से विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की है। बरामद किए गए 194 पासपोर्ट भी इसी ठगी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी शमशाद खान ने अपना नाम बदलकर विवेक रख लिया था और साथियों के साथ मिलकर ऑफिस खोलकर लोगों को विदेश भेजने का झांसा देता था। गोंडा सहित करीब 12 जिलों के लोगों को इस गिरोह ने ठगी का शिकार बनाया है।
इस मामले में बड़ी संख्या में पीड़ितों ने नगर कोतवाली में प्रदर्शन कर मुकदमा दर्ज कराया था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Post a Comment