आजमगढ़ मेंहनगर के सेरा गांव, मेंहनगर में किसान लालचंद गौड़ को आवारा पशु द्वारा पटक-पटक कर मार डालने के बाद सोशलिस्ट किसान सभा के प्रतिनिधि मंडल ने मृतक किसान लालचंद गौड़ के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव, सोशलिस्ट किसान सभा मेंहनगर प्रभारी हीरालाल यादव, समाजसेवी राजेश लाल यादव शामिल थे। सोशलिस्ट किसान सभा ने मृतक किसान लालचंद गौड़ की मौत के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए परिजनों को पचास लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की।
सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने कहा कि खेतों-खलिहानों में आवारा पशुओं के तांडव से हर दिन किसानों की मौत हो रही है। सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है कि कब कोई जानवर आपके सामने आ जाए। हर दिन लोग घायल हो रहे हैं। यह कोई एक्सीडेंट नहीं सरकार की नीतियों के चलते आवारा पशुओं का शिकार निरीह जनता हो रही है। शासन प्रशासन कहता है कि कोई आवारा पशु नहीं घूम रहे हैं तो ऐसे में अगर इस तरह की घटना हो रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत करना चाहिए, क्योंकि उनकी वजह से किसान की जान गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बताएं कि अब कैसे किसान का परिवार जीवन-यापन करेगा। प्रशासनिक निष्क्रियता का यह आलम है कि अब तक उस सांड को पकड़ा नहीं गया ग्रामीण दहशत में हैं।
प्रतिनिधि मंडल को 55 वर्षीय मृतक किसान लालचंद गौड़ के परिजनों ने बताया कि वह खेत में सरसों की कटाई कर रहे थे। तभी एक उग्र आवारा पशु ने उन पर हमला बोल दिया और उन्हें पटक-पटक कर बुरी तरह घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोग जब तक उन्हें बचाने और अस्पताल ले जाने का प्रयास करते, तब तक उनकी हालत नाजुक हो चुकी थी और रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में चार पुत्र और चार पुत्रियां हैं।
Post a Comment