संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टीम ने कटरा बाजार और खरगूपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।
जिला खनन अधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कुल 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक लोडर वाहन को अवैध मिट्टी खनन करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, विभागीय टीम ने कटरा बाजार के भेड़िया घाट और अहिरनपुरवा क्षेत्र से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा खरगूपुर के मनोहर जोत व ककरा क्षेत्र से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ एक लोडर को कब्जे में लिया।
खनन अधिकारी ने साफ चेतावनी दी है कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि खनन कार्य केवल वैध प्रक्रिया के तहत ही किया जाए, अन्यथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि गोंडा जिले में अवैध खनन को लेकर प्रशासन पहले भी कड़ी कार्रवाई कर चुका है और भारी जुर्माना भी लगाया गया था।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने इस कदम का स्वागत किया है।
Post a Comment