संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जनपद के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गोंडा-सादुल्लाह नगर मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक हादसे में 43 वर्षीय रामचंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार महेवा नानकार निवासी रामचंद्र पाल अपनी मोटरसाइकिल से तामापुर बनकटवा स्थित अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा कटहल का एक सूखा और भारी पेड़ अचानक उनकी चलती बाइक पर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दब जाने से रामचंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मनकापुर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पेड़ हटाकर रामचंद्र पाल को बाहर निकाला। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाकर बाधित यातायात को दोबारा सुचारु कराया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
Post a Comment