संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के नकहरा गांव में करंट लगने से 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी कामिनी गांव की एक दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को उसने छू लिया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। खंभे को छूते ही उसे जोरदार झटका लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक किशोरी पंचमलाल की बेटी थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में उसकी मां गुड़िया देवी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर बिजली लाइनों और खंभों की जांच होती, तो यह हादसा टल सकता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कर्नलगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि करंट लगने से किशोरी की मौत की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है
Post a Comment