मुंबई पुलिस की बड़ी पहलः चोरी और गुमशुदा 2.12 करोड़ की संपत्ति शिकायतकर्ताओं को लौटाई



संवाददाता जावेद शेख 

मुंबई:माननीय पुलिस आयुक्त देवेन भारती की पहल पर बृहन्मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत जोन-6 के सभी 10 पुलिस स्टेशनों द्वारा चोरी और गुमशुदा संपत्ति शिकायतकर्ताओं को वापस करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंगलवार, 24 मार्च 2026 को शाम 4 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जोन-6 के अंतर्गत आने वाले चेंबूर, गोवंडी, नेहरूनगर, चूनाभट्टी, ट्रॉम्बे, आर.सी.एफ., मानखुर्द, देवनार, शिवाजीनगर और तिलकनगर पुलिस स्टेशनों ने विभिन्न अपराधों की जांच के दौरान बरामद की गई संपत्ति लोगों को लौटाई। पुलिस द्वारा कुल ₹2,12,27,000 (दो करोड़ बारह लाख सत्ताईस हजार रुपये) मूल्य की चोरी और गुमशुदा संपत्ति शिकायतकर्ताओं को सौंपी गई।
बरामद संपत्ति में ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन द्वारा 10 ग्राम सोना (कीमत ₹1,60,000), चूनाभट्टी पुलिस स्टेशन द्वारा छीना गया 12 ग्राम मंगलसूत्र (कीमत ₹1,80,000) तथा विभिन्न कंपनियों के लगभग 800 मोबाइल फोन (कीमत ₹2,08,80,000) शामिल थे।
गोवंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेश पाटिल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (ईस्ट रीजनल डिवीजन) के हाथों संबंधित शिकायतकर्ताओं को उनकी संपत्ति लौटाई गई। अपनी खोई हुई वस्तुएं वापस मिलने पर नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए मुंबई पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मुंबई पुलिस ने बताया कि अपराधों की त्वरित जांच और तकनीकी सहायता के माध्यम से चोरी और गुमशुदा सामान की बरामदगी लगातार बढ़ाई जा रही है, जिससे आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post