साउथ मुंबई में पानी की समस्या पर MLA अमीन पटेल का मेयर को पत्र, जल्द समाधान की मांग




संवाददाता जावेद शेख 

मुंबई:साउथ मुंबई के B और E वार्ड में कम प्रेशर और कम मात्रा में पानी सप्लाई होने की गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस विधायक एवं महाराष्ट्र कांग्रेस लेजिस्लेटिव पार्टी के डिप्टी लीडर अमीन पटेल ने मुंबई महानगरपालिका की मेयर जी. रितु तावड़े को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अपने पत्र (रेफरेंस नंबर 1861207/03/2026) में विधायक अमीन पटेल ने बताया कि लगभग 25 वर्ष पहले भंडारवाड़ा रिज़र्वोयर से प्रतिदिन 110 MLT पानी सप्लाई करने का निर्णय लिया गया था, जिससे साउथ मुंबई के कई इलाकों को पानी मिलता है। साथ ही पानी के प्रवाह का प्रेशर कम से कम 8 डिग्री निर्धारित किया गया था।
लेकिन वर्तमान में केवल 90 से 95 MLT पानी ही सप्लाई किया जा रहा है और पानी का प्रेशर भी तय मानक से कम हो गया है, जिससे B और E वार्ड के नागरिकों को रोज़ाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पत्र में बताया गया कि सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच होने वाली पानी सप्लाई के दौरान शुरुआती आधे घंटे तक गंदा पानी आता है, जिससे पानी बर्बाद होता है। इसके बाद भी कम प्रेशर के कारण लोगों, खासकर महिलाओं को पानी भरने और स्टोर करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
विधायक अमीन पटेल ने यह भी उल्लेख किया कि रमज़ान से पहले इस समस्या को लेकर म्युनिसिपल कमिश्नर भूषण गगरानी, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। मजबूरन लोगों को पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मेयर से मांग की है कि 15 दिनों के भीतर इस समस्या पर ठोस कार्रवाई की जाए, अन्यथा भविष्य में पानी की कमी और सप्लाई व्यवस्था बिगड़ने से बड़ी समस्या उत्पन्न हो सकती है।
विधायक ने कहा कि नागरिकों की मूलभूत जरूरत पानी है और इस मुद्दे पर तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप बेहद जरूरी है, ताकि साउथ मुंबई के लोगों को राहत मिल सके। 

Post a Comment

Previous Post Next Post