सरयू नदी में एक उपनिरीक्षक का शव उतराता हुआ मिला



संवाददाता प्रभाकर यादव

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कोतवाली क्षेत्र और बस्ती जिले की सीमा पर सरयू नदी में एक उपनिरीक्षक का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान बस्ती जिले के थाना परशरामपुर में तैनात एसआई अजय गौड़ के रूप में हुई है। वह बीते पांच फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी। नाविकों ने नयाघाट से दशरथ समाधि स्थल की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास नदी में शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली अयोध्या और जल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तिहुरा माझा के पास से शव को बाहर निकलवाया। पहचान की पुष्टि होने के बाद बस्ती जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाल पंकज सिंह और दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बताया गया कि अजय गौड़ वर्तमान में प्रभारी थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे और मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी थे। वह वर्ष 2015 बैच के उपनिरीक्षक थे। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शव मिलने के सटीक स्थान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि शव बस्ती जिले की सीमा में पाया गया होगा तो वहां की पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी, अन्यथा अयोध्या पुलिस द्वारा पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post