नेपाल से दिल्ली एवं लखनऊ के लिए प्रतिदिन 05-05 बसें होंगी संचालित- दयाशंकर सिंह

                        न्यूज ऑफ़ इंडिया (एजेंसी)


लखनऊ : 07 फरवरी, 2024

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि केन्द्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश राज्य द्वारा भारत एवं नेपाल के मैत्रीपूर्ण सम्बंधों, पर्यटन एवं व्यापारिक सम्बंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनसामान्य को सुविधाजनक, दक्ष एवं मितव्ययी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रथम चरण में नेपालगंज से लखनऊ के लिए 05 तथा नेपालगंज से दिल्ली के लिए 05 परिवहन सेवाएं उ0प्र राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा प्रतिदिन संचालित की जाएंगी। परिवहन निगम देवीपाटन क्षेत्र में रूपयेडीहा डिपो से दिल्ली एवं लखनऊ के लिए सीधी बस सेवाएं उपलब्ध करायेगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के इस प्रयास से दोनों राष्ट्रों के नागरिक दोनों देशों में स्थित प्रमुख तीर्थों एवं पर्यटन स्थलों पर तीर्थांटन कर सकेंगे। इससे पर्यटन के साथ ही व्यापारिक सम्बंधों में भी वृद्धि हो सकेगी। राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम के भव्य, दिव्य राम मंदिर का दर्शन करने प्रतिदिन आ रहे हैं। इस सेवा के प्रारम्भ होने से नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी सुविधा होगी। साथ ही भारत से भी श्रद्धालु नेपाल स्थित जानकी मंदिर एवं अन्य तीर्थस्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
परिवहन मंत्री ने बताया कि नेपालगंज से दिल्ली एवं लखनऊ हेतु परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए परमिट प्राप्त कर परमिटों को नेपाल राष्ट्र से प्रतिहस्ताक्षरित करा लिया गया है। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या की दृष्टि से दोनों राष्ट्रों के बीच परिवहन सेवाओं में और अधिक विस्तार की सम्भावना है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम आने वाले दिनों में नेपाल राष्ट्र के साथ ही अन्य पड़ोसी राष्ट्रों के साथ भी इस प्रकार का अनुबंध करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post