संवाददाता,,,सगीर अंसारी
नवी मुंबई: तलोजा पुलिस ने बुधवार शाम तलोजा फेज एक में एक पड़ोसी द्वारा अगवा की गई 4 साल 11 महीने की बच्ची को चार घंटे के भीतर छुड़ा लिया। पुलिस ने घटना के 10 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तलोजा फेज-1 निवासी प्रमोद रामबहादुर महतो (30) जोकि बिहार के मधुबनी के रहने वाले के रूप में हुई है. आरोपी को गुरुवार सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसने बुधवार शाम करीब 5 बजे बच्चे का अपहरण किया था।
पुलिस के मुताबिक बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी तभी आरोपी उसे केक का लालच देकर स्कूटी में बिठाकर ले गया।
पुलिस को शिकायत मिलते ही तलोजा पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र सोनवणे के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया. इसी बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी बच्चे को स्कूटर में बिठाकर ले जा रहा है। तुरंत ही सभी टीमों को स्कूटर की डिटेल से अवगत करा दिया गया।
बच्ची की तलाश के दौरान आरोपी की स्कूटी मेट्रो के पास मेट्रो पुल के नीचे मिली। स्कूटर मिलने के बाद हमें यकीन था कि बच्चा उस स्थान के आसपास होना चाहिए। तलाशी अभियान में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं नितेश पाटिल, हरीश केनी और कसम मुलानी और अन्य नागरिकों से मदद ली गई डीसीपी (जोन 2) पंकज दहाणे ने कहा कि आरएएफ बटालियन से डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई थी।
आरोपी को लगा कि पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाशी ले रही है तो वह अंधेरे का फायदा उठाकर बालिका को छोड़कर फरार हो गया। वहीं अपहृत बच्ची मेट्रो पुल के नीचे मिली। पुलिस के मुताबिक लड़की को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया गया।
आरोपी की तलाश जारी रही और उसे सुबह करीब 4 बजे एक मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया जहां वह छिपा हुआ था।
Post a Comment