जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव के आवास पहुंचे पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, संगठन के साथियों ने किया सम्मानित





संवाददाता हाफिज नियामत 

मछलीशहर (जौनपुर)। एशियाई खेल 2026 में पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र के डभिया गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए रविवार को जौनपुर पत्रकार संघ, इकाई मछलीशहर के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों के साथ उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों ने रोहित यादव को पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर रमन यादव, रंजीत राय, बलवानी, धर्मेंद्र कुमार गिरी, उदय प्रकाश सहित संगठन के अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे। सभी ने रोहित यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान रोहित यादव ने जौनपुर पत्रकार संघ, इकाई मछलीशहर के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय एवं संगठन के सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज की छोटी-बड़ी घटनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पत्रकारों का उनके घर पहुंचना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है।

इस मौके पर अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि रोहित यादव केवल डभिया गांव, मछलीशहर या जौनपुर के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में रोहित यादव देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे का गौरव और बढ़ाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मान देना और उनका मनोबल बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। रोहित यादव जैसे खिलाड़ियों की सफलता नई पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

रोहित यादव की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। पत्रकार साथियों ने एक बार फिर उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post