अजय शंकर दुबे ‘अज्जू भैया’ ने आयोजित किया केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान का अभिनंदन समारोह सभी वर्गों को मिल रहा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पासी समाज के महापुरुषों के बलिदान को किया याद




ब्यूरो रिपोर्ट हाफिज नियामत 

मंगरावादशाहपुर (जौनपुर) : भाजपा नेता अजय शंकर दुबे ‘अज्जू भैया’ की ओर से केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। शनिवार अपराह्न सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित शुभम पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। सरकार की उत्कृष्ट नीतियों के चलते देश दिन-प्रतिदिन प्रगति के पथ पर अग्रसर है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी वर्गों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने पासी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस समाज के अनेक महापुरुषों ने राष्ट्र की रक्षा और आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। महापुरुषों ने सदैव राष्ट्र के उत्थान और समाज की एकजुटता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर उनके आदर्शों के अनुरूप कार्य कर रही है। ऐसे में हम सभी को मिलकर पार्टी को और मजबूत करना चाहिए।

पूर्व सांसद बीपी सरोज ने कहा कि भाजपा जातिवाद, क्षेत्रवाद और धर्म के आधार पर समाज को बांटने का काम नहीं करती। पासी समाज के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया था। भाजपा सरकार उन अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष कपिल मुनि, केराकत के पूर्व विधायक गुलाब सरोज सहित अन्य वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
इस अवसर पर सुशील मिश्र, संतोष मिश्र, संतोष तिवारी, जयप्रकाश तिवारी, मेवालाल सरोज, धर्मेंद्र सरोज डीके सरोज,अजय सरोज,रामबली मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।।

Post a Comment

Previous Post Next Post