छह पुलिसकर्मी खड़े देखते रहे दरोगा अकेले भिड़ते रहे हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने में नाकाम रही आरसी मिशन पुलिस, सिपाहियों की भूमिका पर सवाल रौसर कोठी में मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पर पहुंची थी टीम, आरोपी संतोष हिरासत से बाहर





शाहजहाँपुर। छह पुलिसकर्मियों की टीम, सामने हिस्ट्रीशीटर और उसे गाड़ी में बैठाने के लिए अकेले जूझते दरोगा। बाकी पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे। आखिरकार पुलिस आरोपी को हिरासत में लेने में नाकाम रही। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के रौसर कोठी में बुधवार देर शाम हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में ला दिया है। बताया जा रहा है कि गांव रौसर कोठी स्थित एक दुकान पर मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची थी। यहां हिस्ट्रीशीटर संतोष से पुलिस का विवाद हो गया। आरोप है कि दरोगा संत कुमार राठी अकेले ही संतोष को काबू करने और गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते रहे, जबकि सिपाही संदीप, यतेंद्र समेत अन्य पुलिसकर्मी कथित तौर पर मूकदर्शक बने खड़े रहे। वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है। आखिरकार संतोष पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका और फरार हो गया। मौके पर छह पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी को हिरासत में नहीं लिया जा सका। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर बाकी पुलिसकर्मी कार्रवाई में सक्रिय रूप से शामिल क्यों नहीं हुए? क्या हालात ऐसे थे कि वे हस्तक्षेप नहीं कर सके, या फिर कोई दूसरी वजह थी? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। सूत्रों के मुताबिक, संतोष पर सूखे नशे की बिक्री कराने का आरोप है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा है, लेकिन किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत या लापरवाही का निष्कर्ष जांच के बिना निकालना उचित नहीं होगा।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post