संवाददाता,,,नफीस खान
मुंबई अपराध शाखा की अमली पदार्थ विरोधी कक्ष, वरली इकाई ने गोवंडी के डॉ. जाकिर हुसैन नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.53 करोड़ रुपये कीमत की नशीली गोलियां जब्त की हैं। कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जब्त पदार्थ में नाइट्राजेपाम और अल्प्राजोलाम की गोलियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अमली पदार्थ विरोधी कक्ष की टीम मुंबई में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, आपूर्ति और भंडारण करने वालों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गोवंडी के डॉ. जाकिर हुसैन नगर में एक व्यक्ति नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली गोलियों की बिक्री कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति के घर पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान NITCOR-10 नाम की नाइट्राजेपाम की 4,500 गोलियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन 2 किलो 475 ग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 98 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा PROCALM-1 नाम की अल्प्राजोलाम की 5,300 गोलियां भी बरामद की गईं। इनका वजन 689 ग्राम और अनुमानित कीमत 55 लाख 12 हजार रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल 9,800 गोलियां, जिनका कुल वजन 3 किलो 164 ग्राम है, बरामद कीं। जब्त नशीले पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 53 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में अमली पदार्थ विरोधी कक्ष वरली इकाई ने गुन्हा क्रमांक 92/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(क) सह 22(क) के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे और अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले-श्रींगी, सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर तथा वरली इकाई के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष साळुंखे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक दिगंबर पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक रोहित साळी और टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Post a Comment