संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (UPATS) ने शनिवार को आजमगढ़ में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से कथित तौर पर जुड़े 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
एटीएस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और विभिन्न मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन की विचारधारा से प्रभावित करने तथा अपने ऑनलाइन नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से AQIS की विचारधारा से संबंधित सामग्री तथा विभिन्न ऑनलाइन समूहों से जुड़े होने के तथ्य मिलने का दावा किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी कई व्हाट्सऐप समूहों से जुड़ा हुआ था, जिनमें भारत के अलावा विभिन्न देशों के लोग भी शामिल थे। एटीएस का आरोप है कि इन समूहों में प्रतिबंधित संगठन की विचारधारा से संबंधित सामग्री साझा की जाती थी और सदस्यों को कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित करने का प्रयास किया जाता था।
एटीएस ने इस मामले में लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 61(2) तथा विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (UAPA) की धाराओं 18 और 38 के तहत कार्रवाई की गई है।
एटीएस ने 12 सितंबर 2026 को आजमगढ़ में कार्रवाई करते हुए आरोपी नबील को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। एजेंसी द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के कथित ऑनलाइन संपर्कों, गतिविधियों और अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।
एटीएस की कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के डिजिटल संपर्कों और गतिविधियों की जांच में जुटी हैं।
Post a Comment