फूलपुर में पेड़ से टकराई कार, तीन किशोरों की मौत, छह घायल






संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

आजमगढ़  फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब फूलपुर की ओर से सरायमीर की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।

बताया गया कि कार में कुल नौ किशोर सवार थे, जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। सभी फूलपुर कस्बे में गणेश पंडाल की सजावट का काम करने के बाद तड़के चाय पीने के लिए सरायमीर जाने की योजना बनाकर निकले थे। सुबह करीब 4:30 बजे सरायमीर की ओर जाते समय अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सत्यम मोदनवाल पुत्र नाटे मोदनवाल, 17 वर्षीय निखिल मद्धेशिया पुत्र राम फेर तथा लकी सोनकर पुत्र अखिल सोनकर के रूप में हुई।

घायलों में सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर का उपचार अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों की भी चिकित्सकीय देखरेख में इलाज कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post