संवाददाता सलीम शेख
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना अहरौला और थाना अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित है।
निलंबित अधिकारियों में उपनिरीक्षक मंतोष सिंह, थानाध्यक्ष अहरौला तथा उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे, थानाध्यक्ष अतरौलिया शामिल हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों थानाध्यक्षों पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप पाए गए हैं। थाना स्तर पर विभिन्न विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण नहीं करने तथा विवेचनाओं के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं लेने के मामले भी सामने आए।
इसके साथ ही दोनों अधिकारियों द्वारा उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना किए जाने को भी गंभीरता से लिया गया। विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा के बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों थानाध्यक्षों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि कर्तव्य में लापरवाही, विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखना और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि किसी पुलिसकर्मी के स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment