खुटार, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के रुजाह खुर्द कलां के पास अचानक सड़क पर आवारा सांड आ जाने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात उपनिरीक्षक सोहनलाल और सिपाही इंद्रेश वर्मा ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
बताया गया कि ग्राम देवरिया थाना पुवायां निवासी सुभाष पुत्र इन्दपाल और आदेश पुत्र जसविंदर बाइक से अपने घर जा रहे थे। उनके साथ ग्राम सुजानपुर थाना खुटार निवासी गौतम भी था। रुजाह खुर्द कलां के पास अचानक सामने आवारा सांड आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों के चलते सुभाष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि आदेश और गौतम का उपचार किया गया।
हादसे के बाद पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की लोगों ने सराहना की। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या के समाधान की भी मांग की है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment