सड़क किनारे झाड़ियों का अंबार, कोरौली खुर्द में टूटी पुलिया बनी हादसों का सबब





संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

आजमगढ़ सरायमीर-नन्दांव मार्ग पर राहगीरों की बढ़ी परेशानी, विभागीय लापरवाही से दुर्घटना की आशंका

सरायमीर, आजमगढ़। सरायमीर से नन्दांव मोड़ होते हुए जौनपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ उगी झाड़ियां और घास राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई हैं। शेरवां, इसरौली, कोरौली खुर्द, अचलपुर, सुरही खुर्द, चक इब्राहिमपुर, नरदां और नन्दांव बाजार तक सड़क के किनारे बबूल, शीशम के पेड़ तथा अन्य प्रकार की घास-झाड़ियां फैल गई हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के दोनों किनारों पर करीब तीन से चार फीट तक झाड़ियां फैल चुकी हैं। इसके चलते सड़क संकरी हो गई है और सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने में परेशानी होती है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

सबसे गंभीर स्थिति कोरौली खुर्द गांव के पास माइनर पर बनी पुलिया की है। पुलिया के दोनों तरफ सुरक्षा के लिए बनी रुकावटें टूट चुकी हैं और वहां घास-झाड़ियां उग आई हैं। झाड़ियों के कारण पुलिया का किनारा स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ऐसे में अनजान बाइक सवारों के माइनर में गिरने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नहर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क किनारे की झाड़ियों की कटाई और पुलिया की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से शीघ्र झाड़ियों की सफाई, पुलिया की टूटी सुरक्षा दीवारों की मरम्मत तथा खतरनाक स्थानों पर संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post