गंगा-वरुणा में उफान,निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी




वाराणसी जलस्तर में लगातार तेज बढ़ाव के चलते गंगा और उनके प्रभाव से वरुणा नदी उग्र होने लगी हैं। दोनों नदियों के तटवर्ती निचले इलाकों में बाढ़ का पानी आबादी के साथ फसल और सब्जियों को भी डुबाने लगा है। रविवार को वरुणा के बाढ़ क्षेत्र के करीब दो दर्जन परिवार दोबारा राहत शिविर पहुंच गए।

केंद्रीय जल आयोग और आपदा विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी रहने की संभावना है, हालांकि बढ़ाव की गति कुछ धीमी हो सकती है। रविवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 69.94 मीटर दर्ज किया गया, जो इस वर्ष का अब तक का उच्चतम स्तर है।

गंगा में उफान के कारण अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस का मंच एक बार फिर पानी में डूब गया। गंगा आरती का स्थल भी बदलना पड़ा। घाट किनारे लगी दुकानें सड़क पर आ गई हैं और पुराने अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर भी पानी सड़क की ओर बढ़ने लगा है।

हरिश्चंद्र घाट पर सड़क पर शवदाह किया जा रहा है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वालों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। दशाश्वमेध से नमोघाट के बीच एनडीआरएफ और पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस चौकी को भी मीरघाट के पास स्थानांतरित कर दिया गया है।

संवाददाता शुभाष शाश्त्री

Post a Comment

Previous Post Next Post