मुंबई: मुंबई के विश्व प्रसिद्ध लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में इस साल चढ़ावे में आई कीमती वस्तुओं की नीलामी पूरी हो गई है।
मंडल ने जानकारी दी है कि इस बार कुल 85 वस्तुओं की नीलामी की गई है, जिससे 3 करोड़ 22 लाख 28 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
इस नीलामी में सोने-चांदी के आभूषण, सोने की ईंट, बाइक, चांदी की वस्तुएं और अन्य कीमती उपहार शामिल थे जो भक्तों ने अपनी मन्नत पूरी होने पर बप्पा को अर्पित किए थे।
मंडल के अनुसार इस साल कुल दान 6 करोड़ 11 लाख से ज्यादा रहा है, जिसमें से नीलामी वाली वस्तुओं के अलावा नकद, सोना-चांदी अलग से जमा किया गया है। नीलामी से मिली पूरी राशि का उपयोग मंडल के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में किया जाएगा।
बता दें कि हर साल गणेशोत्सव के बाद लालबागचा राजा मंडल इसी तरह खुले मंच पर बोली लगाकर चढ़ावे की नीलामी करता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
संवाददाता जावेद शेख
Post a Comment