जमानत के बहाने 41 लाख की लूट अधिवक्ता निकला मास्टरमाइंड लूट का चंद घंटों में खुलासा, अधिवक्ता गिरफ्तार जौहरी कारोबारियों से दिलवाए 41 लाख रुपये 35 लाख नकद और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद*





जौनपुर थाना बक्शा क्षेत्र में अधिवक्ता और उसके साथी द्वारा राजस्थान निवासी वादी से कथित रूप से 41 लाख रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन निवासी जमऊपट्टी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार संख्या UP70HL5218 तथा अन्य लूटा गया सामान बरामद किया है। मामले में फरार सह-अभियुक्त उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुई। आरोप है कि जमानत की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद 5 सितंबर को अधिवक्ता उन्हें जौनपुर ले गया। यहां दो जौहरी कारोबारियों से कथित रूप से 22 लाख और 19 लाख रुपये, कुल 41 लाख रुपये नकद दिलवाए गए।
आरोप है कि रुपये लेकर वापस लौटते समय कार को यू-टर्न कर दिया गया। इसके बाद वादी का मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकी दी गई और करीब 20-30 किलोमीटर तक उसे घुमाया गया। टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर वादी को गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया।
मामले में वादी ने 16 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत में बातचीत की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया। डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 सितंबर को थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 477/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
SSP जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने मामले का कुछ ही घंटों में अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर लिया।   पूछताछ में आरोपी ने शेष छह लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात बताई है। फरार सह-अभियुक्त उपदेश पाठक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश जारी है पुलिस की कार्रवाई पर अनावरण टीम के लिए 50 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है। वहीं मामले के सफल अनावरण के लिए SSP कुंवर अनुपम सिंह और ASP गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र दिए जाने की घोषणा की गई है।

मिडिया रिपोर्ट एम एस जाविर

Post a Comment

Previous Post Next Post