जलती चिता पर मीट पका रहे थे 3 लोग: बेटे ने पहुंचकर एक को पकड़ा, दो बाइक से भागे






शाहजहांपुर में रविवार शाम जलती चिता पर 3 लोगों ने मीट पकाया। इसका वीडियो भी सामने आया है। मृतक के बेटे ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। वहीं दो लोग बाइक से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई। बेटे ने रविवार शाम 6 बजे थाने में तहरीर दी है। मामला पुवायां थाना क्षेत्र के नथापुर गांव का है। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
अंतिम संस्कार के बाद चिता देखने पहुंचे थे परिजन
नथापुर गांव निवासी 60 साल के छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे। मुखाग्नि देने के बाद सभी लोग घर लौट आए।
करीब एक घंटे बाद मृतक के बेटे वीरपाल ने चिता देखने जाने की बात कही। उनका कहना था कि अगर कोई लकड़ी चिता से गिर गई हो तो उसे वापस चिता पर रखा जा सके।
जलती चिता पर पतीले में मीट पकाने का आरोप
वीरपाल कुछ रिश्तेदारों के साथ श्मशान घाट पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गए। उनके मुताबिक, तीन लोग उनके पिता की जलती चिता पर मीट पका रहे थे। मीट एक पतीले में रखा था और उसे चिता की आग पर पकाया जा रहा था।
वीरपाल और उनके साथ मौजूद रिश्तेदारों ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य लोग मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वीरपाल ने डायल 112 पर पुलिस बीबी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई।
वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन लोग उनके पिता की जलती चिता पर मीट पका रहे थे। उन्होंने बताया कि देखने में तीनों तांत्रिक जैसे लग रहे थे। उन्होंने इस हरकत को गलत बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post