सर्राफा व्यापारी से 2 लाख की वसूली का आरोप, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तारझूठे मादक पदार्थ केस में फंसाने की धमकी देकर रकम ऐंठने का आरोप, दो सिपाही निलंबित; दो की तलाश तेज





शाहजहांपुर। थाना परशुरामपुरी क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी को कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ₹2 लाख वसूलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नामजद चार पुलिसकर्मियों में से कांस्टेबल वीरेन्द्र और कांस्टेबल पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कांस्टेबल अरुण चित्तौड़िया और तुषार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस के अनुसार, सर्राफा व्यापारी ने 6 सितंबर 2026 को थाना परशुरामपुरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 4 सितंबर की रात थाना तिलहर में तैनात पुलिसकर्मियों ने मोबाइल फोन से उससे संपर्क किया। परिचित होने के कारण वह परशुरामपुरी क्षेत्र के सरैया मोड़ पर पहुंचा, जहां सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मी उसे अन्य लोगों के साथ भटादेवर रोड की ओर ले गए।
आरोप है कि राजभोज होटल से आगे अंधेरे स्थान पर व्यापारी की तलाशी ली गई और उसकी मोटरसाइकिल में कथित रूप से एक पॉलीथीन रख दी गई। इसके बाद उसे मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में चौकी बिरियागंज, थाना तिलहर ले जाया गया।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और झूठे मादक पदार्थ के मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। तहरीर के मुताबिक, व्यापारी के पिता और अन्य परिजनों से ₹2 लाख की मांग की गई। रात करीब 1:30 बजे रकम मिलने के बाद व्यापारी को छोड़ दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी जलालाबाद और क्षेत्राधिकारी तिलहर के नेतृत्व में जांच टीम गठित की। जांच में प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद थाना परशुरामपुरी में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7/13(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल वीरेन्द्र और कांस्टेबल पंकज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अरुण चित्तौड़िया और तुषार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, चारों नामजद पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचना क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी द्वारा की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post